नई दिल्ली; दिल्ली पुलिस ने कम से कम 190 साइबर धोखाधड़ी की शिकायतों और 100 करोड़ रुपए से अधिक से जुड़े ‘डिजिटल अरेस्ट’ मामले के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने 8 फरवरी को बताया कि आरोपियों की पहचान अनीश सिंह और मणि सिंह के रूप में हुई है। दोनों को एक महिला की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया, जिसमें उसने कहा कि उसे लगभग दो महीने तक मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया और फर्जी साइबर अपराध जांच के बहाने उससे 40 लाख रुपये हस्तांतरित करवा लिए गए। एक पुलिस अधिकारी ने कहा ”पीड़िता को पिछले साल 15 अक्टूबर से 12 दिसंबर के बीच ‘डिजिटल अरेस्ट’ का शिकार बनाया गया था।
इस दौरान, खुद को वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताकर धोखेबाजों द्वारा उसे गिरफ्तारी, कानूनी कार्रवाई और सामाजिक बदनामी की धमकी दी गई थी।” उन्होंने बताया कि ‘डिजिटल अरेस्ट’ के दौरान साइबर अपराधियों ने पीड़िता से 40 लाख रुपये अलग-अलग खातों में जमा करवाए। पीड़िता की शिकायत पर अपराध शाखा द्वारा मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।