नई दिल्ली: जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की कुलपति की कथित तौर पर जाति टिप्पणी विवाद की शिकायत राष्ट्रीय अनुसूचित जाति जनजाति आयोग से की गई है।
जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष धनंजय कुमार ने शिकायत दी है। इसकी प्रति 25 फरवरी को मीडिया में जारी करते हुए छात्रसंघ ने जानकारी साझा की।
आयोग के अध्यक्ष के नाम दी गई शिकायत में कहा गया कि ‘यह आवेदन जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय की कुलपति शांतिश्री डी पंडित द्वारा दलित समुदाय के विरुद्ध 16 फरवरी को प्रसारित एक पाडकास्ट में दिए गए भेदभावपूर्ण और जातिवादी बयान को आपके संज्ञान में लाने के लिए प्रस्तुत कर रहे हैं। जो प्रथम दृष्टया दलितों और अन्य हाशिए पर पड़े समुदायों के प्रति घृणा और दुर्भावना को बढ़ावा देता है, और इस प्रकार अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(1)(यू) के अंतर्गत अपराध का स्पष्ट प्रमाण है।’
शिकायत में कुलपति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश देने की मांग की गई है।