नई दिल्ली, 25 मार्च । “कश्मीर युवा विनिमय कार्यक्रम के तहत जम्मू-कश्मीर के 110 युवा प्रतिभागी का दिल्ली विधानसभा में स्वागत किया गया।
भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय की पहल और ‘माय भारत’ के सहयोग से बुधवार को अनंतनाग, बडगाम, बारामूला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, श्रीनगर और पुलवामा सहित सात जिलों के छात्र दिल्ली विधानसभा पहुंचे।
दिल्ली विधानसभा के माननीय अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि “इस सदन में उपस्थिति, हमारे देश के युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं के कामकाज से जोड़ने की दिशा में एक सार्थक कदम है। यह हम सदस्यों को अपने आचरण में गरिमा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना बनाए रखने की याद दिलाता है,”।
इस अवसर पर सदन में वीर विट्ठल भाई पटेल पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें पद्म भूषण अनुपम खेर ने अपनी आवाज दी है। इस फिल्म के माध्यम से आगंतुक छात्रों को भारत की संसदीय विरासत में श्री पटेल के स्थायी योगदान की सूक्ष्म समझ प्राप्त हुई।