नई दिल्ली, 2 फरवरी। दिल्ली के द्वारका में अपने नियोक्ता के घर से सोने और हीरे के गहने चुराने के आरोप में एक घरेलू सहायिका को मध्यप्रदेश के दमोह से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दमोह निवासी घरेलू सहायिका लक्ष्मी रानी बंसल के पास से सोने की दो चूड़ियां, सोने की बालियों की एक जोड़ी, हीरे की बालियों की एक जोड़ी, झुमके के साथ एक सोने का पेंडेंट और झुमके के साथ एक सोने का हार बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में 22 जनवरी को एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद द्वारका के सेक्टर-23 थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा के तहत एक ई-प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि चोरी की घटना सामने आने के तुरंत बाद बंसल अपने किराए के मकान से लापता हो गई थी, जिससे पुलिस को उस पर संदेह हुआ और उसकी पहचान संदिग्ध के रूप में की गई।