नयी दिल्ली, 20 मार्च। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन पर कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा की समीक्षा की गई और इस मामले में दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि फोन करने वाले का पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में पता चला है। अधिकारियों ने बताया कि कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी को 18 मार्च को सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा फोन आया। तुगलक रोड थाने में उनकी तरफ से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, फोन करने वाले ने मंत्री को जान से मारने की धमकी दी । पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में फोन करने वाले की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी मोहम्मद इस्माइल के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि उसे पकड़ने और धमकी देने के पीछे का कारण पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि वे सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।