नई दिल्ली, 3 अप्रैल । दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक 24 वर्षीय युवक की अपने घर में संदिग्ध सिलेंडर विस्फोट में मौत हो गई। घटना से कुछ घंटे पहले ही उसने कथित तौर पर एक किशोरी को चाकू मारा था। पुलिस के अनुसार, शाम 5:33 बजे सीमापुरी पुलिस स्टेशन में एक पीसीआर काल प्राप्त हुई, जिसमें बताया गया कि पुरानी सीमापुरी के रविदास मंदिर वाली गली में एक लड़की को चाकू मारा गया है और वह कई चोटों के साथ बेहोश पड़ी है।उसे गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल ले जाया गया। जहां वह बयान देने में समर्थ नहीं थी।
इसके कुछ घंटे बाद न्यू सीमापुरी स्थित एक घर में सिलेंडर विस्फोट की सूचना उसी पुलिस स्टेशन में प्राप्त हुई। पुलिस मौके पर पहुंची, जहां उन्होंने पाया कि विस्फोट से लगी आग में जतिन (24) नामक व्यक्ति की मौत हो गई थी। जांच के दौरान, पुलिस ने यह स्थापित किया कि जतिन वही व्यक्ति था जिसने दिन में पहले लड़की पर चाकू से हमला किया था। पुलिस ने कहा‘ हम घटनाक्रम और हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रहे हैं। टीम मामले की हर संभव कोण से जांच कर रही है।’ फोरेंसिक टीमों ने दोनों स्थानों का निरीक्षण किया है और यह पता लगाने के प्रयास जारी हैं कि सिलेंडर विस्फोट आकस्मिक था या जानबूझकर किया गया था।