आइपी के दीक्षांत समारोह में : 26,649 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं
नई दिल्ली, 9 अप्रैल । दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सतत नवाचार जैसी तकनीकों के दुनिया को नया आकार देने के बीच युवाओं से अपनी शिक्षा को सिर्फ डिग्रियों और किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखने की गुरुवार को गुजारिश की।
उपराज्यपाल ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय (जीजीएसआईपीयू) के 18वें दीक्षांत समारोह में शिरकत की और विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युवा एक ऐसे दौर में कदम रख रहा है, जहां एआई और सतत नवाचार जैसी तकनीकें दुनिया को नया आकार दे रही हैं, इसलिए इस बदलते दौर में अपनी शिक्षा केवल डिग्रियों और किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखनी चाहिए, बल्कि इसमें भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप अनुकूलनशीलता, तार्किक सोच और नवाचार का साहस होना अनिवार्य है।
दीक्षांत समारोह के दौरान कुल 26,649 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की गईं, जिनमें 22,932 स्नातक, 3,582 स्नातकोत्तर, 11 एम.फिल. और 124 पीएचडी डिग्रियां शामिल हैं। इस वर्ष की पीएचडी की डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में महिलाओं की 70 प्रतिशत भागीदारी रही। इसके अतिरिक्त, 76 गोल्ड मेडल और छह मेमोरियल अवॉर्ड्स भी मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान किए गए।