नई दिल्ली, 26 मार्च । दिल्ली पुलिस ने बाहरी दिल्ली के रनहोला इलाके में एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी के आरोप में एक गैस एजेंसी के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया और छापेमारी के दौरान 459 सिलेंडर जब्त किए।पुलिस ने एक बयान में कहा कि आरोपी की पहचान एचपी बालाजी गैस एजेंसी के मालिक सुशील कुमार सिंघल के रूप में हुई है जो कथित तौर पर व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के अवैध भंडारण और दुरुपयोग में संलिप्त पाया गया है। पुलिस के अनुसार “रनहोला के निलोठी रोड पर स्थित गैस एजेंसी पर छापेमारी की गई जहां से इंडेन और भारत पेट्रोलियम के 459 खाली एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए।” पुलिस ने बताया कि जब्त किए गए सिलेंडरों में 284 इंडेन गैस सिलेंडर और 175 भारत पेट्रोलियम सिलेंडर शामिल थे।