नई दिल्ली, 27 फरवरी। दिल्ली पुलिस ने द्वारका इलाके में एक ही फ्लैट कई लोगों को बेचकर ठगी करने के आरोप में एक दंपति को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान द्वारका सेक्टर-9 निवासी नरेश कुमार सीकरी (57) और उसकी पत्नी शारदा सीकरी के तौर पर हुई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान, पता लगा कि दंपति ने बैंक के पास गिरवी रखी गई संपत्ति कई लोगों को बेचकर उनके साथ ठगी की। उन्होंने बताया कि दंपति ने विभिन्न लोगों से दो-ढाई करोड़ रुपए ले लिए।
उन्होंने बताया कि शारदा को लंबे समय तक फरार रहने के बाद सितंबर 2025 में यहां की एक स्थानीय अदालत ने भगोड़ा घोषित कर दिया था। पुलिस के अनुसार, 2024 में दंपति के खिलाफ द्वारका दक्षिण थाने में धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज किए गए थे।