नई दिल्ली, 3 अप्रैल । दिल्ली पुलिस ने द्वारका में ‘एक्सपायर’ (इस्तेमाल की मियाद खत्म) हो चुके खाद्य और पेय पदार्थों की रीपैकेजिंग और बिक्री करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि उन्होंने विभिन्न ब्रांड्स के शीतल पेय के 3,096 डिब्बे और बड़ी मात्रा में जाने-माने ब्रांड्स के बिस्कुट बरामद किए हैं, जिनकी पैकेजिंग और स्टिकर में बदलाव किया गया था। आरोपियों की पहचान कमल मुदगिल (56), शिवम सिंह (27) और लोकेश कुमार (35) के रूप में हुई है।
अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हर्ष इंदोरा ने बयान में कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि वे बाजार से ‘एक्सपायर’ या ‘एक्सपायर’ होने वाले उत्पाद खरीदते थे और थिनर का इस्तेमाल कर उनपर से मूल निर्माण तिथि और ‘एक्सपायरी’ तिथि मिटा दिया करते थे और फिर मशीन का इस्तेमाल कर उनपर नई तिथियां डालकर दोबारा पैक करके बाजार में खपाते थे।