नई दिल्ली, 2 अप्रैल । दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने सड़कों पर नियमों का पालन सुनिश्चित कराने में मदद करने वाले सर्वश्रेष्ठ 21 ‘ट्रैफिक प्रहरी’ को गुरुवार को पुरस्कृत किया। इसके साथ ही उन्होंने महिला यातायात पुलिस कर्मियों के लिए 38 ‘स्कूटी’ के एक नए बेड़े व दो आपदा प्रतिक्रिया वाहनों को हरी झंडी दिखायी। यातायात पुलिस ने एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के मुताबिक, यातायात संबंधी नियमों के उल्लंघन की ‘ट्रैफिक प्रहरी’ ऐप के माध्यम से सूचना देने वाले 21 व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। यातायात पुलिस की अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं जोन एक) विजंयता गोयल आर्य ने बताया कि पहला पुरस्कार 50 हजार रुपये, दूसरा 25 हजार रुपये, तीसरा 15 हजार रुपये और चौथा पुरस्कार 10 हजार रुपये था। उन्हें मार्च 2025 से फरवरी 2026 की अवधि के लिए पुरस्कृत किया गया है। इसके अलावा उपराज्यपाल ने महिला यातायात पुलिस कर्मियों के लिए 38 ‘स्कूटी’ के एक नए बेड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।