मुजफ्फरनगर 4 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के छपार थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दो नाबालिग बेटियों का यौन उत्पीड़न करने के आरोपी पिता को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) डाक्टर रविशंकर ने बताया कि पीड़ितों की मां द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64 (दुष्कर्म) और 65 (नाबालिग के साथ दुष्कर्म) और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पाक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया ,उसे पकड़ने के लिए पुलिस दल गठित किया गया था, जिसने जांच अभियान के दौरान आरोपी को देखा।
जब उसे रुकने के लिए कहा गया तो उसने कथित तौर पर पुलिस पर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। उन्होंने बताया कि आरोपी पर इससे पहले 2023 में बेटी से दुष्कर्म करने के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 (बलात्कार) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि आगे की जांच जारी है।