आगरा में यातायात व्यवस्था बनाए जाने के संबंध में मण्डल आयुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में हुई बैठक
आगरा : जनपद आगरा में यातायात की सुगम व्यवस्था बनाए जाने के संबंध में मण्डल आयुक्त श्री नगेन्द्र प्रताप जी की अध्यक्षता में बैठक हुई। परियोजना निदेशक, उ॰प्र॰ मैट्रो रेल कॉरपोरेशन, आगरा द्वारा बताया गया कि माल रोड एवं एम॰जी॰ रोड पर आगरा कॉलेज तक लगभग कार्य पूर्ण हो चुका है। निर्देश दिए गये कि यातायात को नियंत्रित किये जाने हेतु जगह-जगह मार्शल की तैनाती की जाए तथा 20 मार्शल यातायात पुलिस को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। मेट्रो विभाग द्वारा जहाँ-जहाँ बैरीकेटिंग को खोल दिया गया है, वहाँ सड़क मरम्मतीकरण एवं क्षतिग्रस्त किये गये फुटपाथ को बनाये जाने हेतु कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें कि कार्य कब प्रारम्भ किया जायेगा और कब तक पूर्ण कर लिया जायेगा। साथ ही आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन के साइनेज लगवायें।
नगर आयुक्त, नगर निगम, आगरा द्वारा बताया गया कि मेट्रो आगरा द्वारा कई स्थानों पर जहाँ अभी कार्य प्रारम्भ नहीं किया गया है, पर भी बेरीकेटिंग कर दिया गया है। निर्देश दिए गये कि जहाँ पर कार्य अभी प्रारम्भ नहीं किया गया है, वहाँ पर बैरीकेटिंग को आवश्यकता के अनुसार कम अथवा हटवा दिया जाये। एम॰जी॰ रोड पर 144 पेड़ों के पातन की अनुमति मा॰ उच्चतम न्यायालय से प्राप्त न होने के कारण मेट्रो कार्य बाधित हो रहा है। परियोजना निदेशक को निर्देश दिए गये कि मा॰ उच्च्तम न्यायालय में पेड़ों के पातन की प्रभावी पैरवी कर अनुमति प्राप्त करना सुनिश्चित करें।
सम्भागीय परिवहन अधिकारी, आगरा परियोजना निदेशक, उ॰प्र॰ मैट्रो रेल कॉरपोरेशन लि॰, आगरा एवं क्षेत्रीय प्रबन्धक, उ॰प्र॰ राज्य सड़क परिवहन निगम, आगरा को निर्देशित किया गया कि अबूलाला दरगाह पर बस ले-बाई बनाये जाने हेतु संयुक्त रूप से निरीक्षण कर स्थल चिन्हित कर, अवगत करायें। कुबेरपुर पर कतिपय व्यक्तियों द्वारा निजी बस अड्डा संचालित किया जा रहा है। सम्भागीय परिवहन अधिकारी, आगरा को निर्देश दिए गये कि निजी बस अड्डा संचालित किए जाने के संबंध में जाँच कर पत्रावली पर आख्या दें। क्षेत्रीय प्रबन्धक, उ॰प्र॰ राज्य सड़क परिवहन निगम, आगरा को निर्देश दिए गये कि कुबेरपुर पर बस अड्डा संचालित किए जाने हेतु कार्यवाही करना सुनिश्चित करें। यमुना एक्सप्रेस-वे, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं इनर रिंग रोड पर अन्य जनपदों (यथा-ग्वालियर, भरतपुर, हाथरस, धौलपुर आदि) की ओर जाने हेतु साइनेज लगाये जाने के संबंध में गत बैठक में लिये गये निर्णयों हेतु एक बैठक संबंधित विभागों के साथ निर्धारित की जाए।
प्रतिनिधि, मै॰ जे॰पी॰ इन्फ्राटेक लि॰ द्वारा बताया गया कि एक्सप्रेस-वे वाहन स्वामियों से किलोमीटर के आधार पर टोल टैक्स लिये जाने की कार्यवाही गतिमान हैै। निर्देश दिए गये कि इस संबंध में अब तक की गयी कार्यवाही से अवगत कराया जाये। अपर पुलिस आयुक्त (यातायात), आगरा एवं परियोजना निदेशक, उ॰प्र॰ मैट्रो रेल कॉरपोरेशन लि॰ आगरा को यातायात को नियंत्रित किये जाने हेतु लगाये गये कार्मिकों की सूची उपलब्ध कराये जाने के निर्देश दिए गये।
बैठक में नगर आयुक्त श्री अंकित खण्डेलवाल, अपर पुलिस आयुक्त यातायात श्री हिमांशु गौरव, आरटीओ प्रवर्तन श्री अखिलश द्धिवेदी, आरटीओ प्रशासन श्री अरूण कुमार, रोडवेज मैनेजर श्री बी॰पी॰ अग्रवाल, एसीपी ट्रैफिक श्री राम प्रवेश गुप्ता, आगरा मेट्रो परियोजना निदेशक श्री अरविन्द कुमार राय, श्री आर॰बी॰ सिंह प्रतिनिधि, मै॰ जे॰पी॰इन्फ्राटेक प्रा॰लि॰ आदि मौजूद रहे।