नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में पुलिस के साथ एक मुठभेड़ के बाद असद गिरोह के तीन शूटर गिरफ्तार कर लिए गए।
इनकी गिरफ्तारी के साथ ही दिल्ली पुलिस ने इस महीने की शुरुआत में मेरठ के एक व्यक्ति की हत्या का मामला सुलझा लिया है।
आरोपी असद (36), आमिर उर्फ हुसैन (24) और आहिल उर्फ जव्वाद (22) सभी उत्तर प्रदेश के मेरठ के निवासी हैं।
पुलिस को छह फरवरी को हुई असलम की हत्या के सिलसिले में इनकी तलाश थी।
पुलिस ने 13 फरवरी को बताया कि अपराध शाखा को तीनों की गतिविधियों के बारे में विशेष जानकारी मिली थी, जो कथित रूप से गैंगस्टर असद से जुड़े हैं।
पुलिस के मुताबिक, तीनों पर दिनदहाड़े असलम की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार तड़के पुराने वजीराबाद-उस्मानपुर मार्ग पर जाल बिछाया। अधिकारी ने बताया कि आधी रात को लगभग 2.05 बजे, पुलिस ने सफेद मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्धों को रोका। रुकने का इशारा करने पर उन्होंने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी।
पुलिसकर्मियों ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जिससे तीनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। इसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया।’
उन्होंने कहा कि उनके पास से तीन अर्धस्वचालित .32 बोर की पिस्तौल, 11 कारतूस और नौ खाली कारतूस बरामद किए गए।